अबकी गर्मी में लोगों को बिजली संकट नहीं रुलाएगा। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। बर्डपुर में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता दोगुनी कर दी गई है। उसका बाजार में नया उपकेंद्र चालू करने की प्रक्रिया जोरों पर है। यहां पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद नगर का लोड आधा हो जाएगा। ऐसे में ट्रांसफार्मर को ओवरलोड से निजात मिलेगी। लोड आधा होगा तो अघोषित कट का संकट दूर होगा।
गर्मी में उपभोक्ताओं को बिजली का संकट सर्वाधिक रहता है। पंखा, कूलर, एसी के बेतहाशा प्रयोग से लोड बढ़ने के कारण आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। फाल्ट ठीक करने के नाम पर घंटों बिजली गुल हो जाती है। अघोषित कटौती से नगरीय क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहता है। रेलवे लाइन के दोनों ओर दो हिस्सों में बंटी बिजली व्यवस्था में गड़बड़ी का खामियाजा सिद्धार्थ चौराहा, तेतरी बाजार क्षेत्र के लोग भुगतते हैं।
हर साल होने वाली इस समस्या के पीछे बिजली विभाग ओवरलोड को कारण बताता रहा है। गत वर्ष इस समस्या को लेकर खूब हो-हल्ला मचने के बाद हरकत में आए विभाग ने नगर के आस-पास के क्षेत्रों में स्थित उपकेंद्रों के पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर लोड बांटने की प्रक्रिया शुरू की थी, जो अब अंतिम दौर में है।