शाहपुर। सामाजिक और समुदाय स्तर पर बाल संरक्षण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार को पीयर एजुकेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लाॅक संसाधन केंद्र डुमरियागंज में मानव संसाधन और महिला विकास संस्थान, श्रम विभाग व डीसीपीयू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में डुमरियागंज, भनवापुर और खुनियांव विकासखंडों के करीब 35 पीयर एजुकेटरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में बालश्रम और बाल विवाह की रोकथाम, बाल अधिकार, संवैधानिक अधिकार एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के तरीकों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने जनपद को बाल श्रम मुक्त और बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन आशा गुप्ता ने बच्चों के अधिकारों पर प्रकाश डाला जबकि संस्थान के जिला प्रमुख प्रसून शुक्ला और अभिषेक मिश्रा ने बाल संरक्षण, मामलों की पहचान, रिपोर्टिंग और संदर्भन प्रक्रिया पर प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान रानीपाल, सीमा वर्मा, अर्चना यादव, गीता यादव, शाइस्ता शाहीन, तेज नारायण आदि सहित पीयर एजुकेटर मौजूद रहे।