यातायात जागरूकता माह के तहत वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ ही रिफ्लेक्टर लगाए जाने का है नियम
पड़ताल में बिना रिफ्लेक्टर चलाते मिले थे चार पहिया वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। ठंड में सड़क पर खड़े चार पहिया वाहनों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए यातायात जागरूकता माह के तहत वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ ही ट्रैफिक पुलिस रिफ्लेक्टर लगवाती है। 17 नवंबर को जब हकीकत की पड़ताल की गई तो बिना रिफ्लेक्टर के चार पहिया वाहन सड़क पर दौड़ते हुए मिले।
18 नवंबर को रिफ्लेक्टर लगे न जागरूकता, सड़क हादसे में जा रही जान शीर्षक से अमर उजाला में खबर प्रकाशित हुई तो पुलिस विभाग सड़क पर दौड़ने लगा। वाहन चालकों को यातायात नियम का पाठ पढ़ाने के साथ ही चार पहिया वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाए गए। दो दिन में दो सौ से अधिक वाहनों में रिफ्लेक्टर लगा दिए।
बढ़ते हुए सड़क हादसों को रोकने के लिए सरकार की ओर से सख्त कानून बनाए जाने के साथ ही जागरूकता अभियान पर भी जोर दिया जा रहा है। यातायात जागरूकता माह के तहत चार पहिया वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाए जाते हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से दावा किया गया था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप सहित अन्य चार पहिया वाहनों रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं।
17 नवंबर को जब नगर में अभियान की पड़ताल की गई तो दावा हवाहवाई मिला था। 18 नवंबर के अंक में खबर प्रकाशित हुई तो ट्रैफिक और थाने की पुलिस अलर्ट होकर सड़क पर दौड़ने लगी।
शनिवार और रविवार को ईंट भट्ठे और कृषि कार्य में चलने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडिंग में चलने वाले पिकअप सहित टेंपो और अन्य चार पहिया में रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य किया। जिला मुख्यालय के साड़ी तिराहा, बांसी तिराहा के अलावा तहसील मुख्यालयों मेंं टीम ने वाहन बाइक चालकों को जागरूक किया। इसके साथ ही चार पहिया वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाए। दो दिन में 200 से अधिक वाहनों में रिफ्लेक्टर लगा दिए गए।
ट्रैफिक पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। स्कूल, कॉलेज, बाजार में चेकिंग के साथ ही लोगों को यातायात नियम की जानकारी दे रही है। चार पहिया वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। अबतक लगभग एक हजार वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाए जा चुके हैं।
-अमरेश यादव, टीएसआई