इटवा। स्थानीय क्षेत्र के बेलहसा गांव में सोमवार देर शाम ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। बच्ची की मां के तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। बेलहसा निवासी रीता देवी चार वर्षीय पुत्री सुनीता के साथ सोमवार की देर शाम गांव के उत्तर सीवान से घर लौट रही थी। गांव के पास पहुंची थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने सुनीता को कुचल दिया। मासूम को रौंदते हुए ट्रैक्टर आगे निकल गया। शोर-गुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
इसी दौरान मौके का लाभ उठाकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। ट्रैक्टर चालक गांव का ही युवक बताया जा रहा है। इस संबंध में एसओ रणधीर कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टर्माटम के लिए भेजा गया है। चालक की तलाश की जा रही है।