कल राज्यस्तरीय टीम करेगी जांच
कोरोना काल के अनुपालन की सच्चाई जानेगी टीम
प्रेरणा ज्ञानोत्सव के आयोजन की समीक्षा भी होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। परिषदीय विद्यालयों के खुलने के दौरान कोविड-19 के गाइड लाइन का अनुपालन कराने को लेकर शासन सख्त है। इसके लिए सभी जिलों के लिए राज्यस्तरीय टीम का गठन किया गया है। जिले में सोमवार को दो सदस्यीय टीम आएगी।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा विजय किरण आनंद की ओर से प्रदेश के सभी जनपदों के लिए राज्यस्तरीय टीम का गठन किया गया है। टीम के सदस्य कक्षा छह से आठ तक स्कूलों के खुलने की दिशा में कोविड-19 का अनुपालन हो रहा या नहीं, इसकी हकीकत से रूबरू होंगे। जबकि पहली मार्च से प्राथमिक स्तर के विद्यालयों के खुलने से पूर्व विभागीय स्तर पर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। जिले में आने वाली टीम में सीटीई लखनऊ के प्राचार्य विष्णु श्याम द्विवेदी और समग्र शिक्षा से संबद्ध देवेंद्र पांडेय शामिल हैं। सोमवार को जिले में टीम के सदस्य स्कूलों में पहुंचकर साफ-सफाई समेत सैनिटाइजेशन, मास्क, सोशल डिस्टेंस आदि बिंदुओं पर जानकारी लेंगे। इसके अलावा प्रेरणा ज्ञानोत्सव के आयोजन से संबंधी तैयारियों को लेकर बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयक के साथ बैठक भी करेंगे। इस बाबत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह ने टीम के आने की पुष्टि की है। बताया कि उनके पहुंचने पर स्कूलों के भ्रमण को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं।