मंडलायुक्त पीके सिंह ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को सरयू नहर डाक बंगले में सभी आरओ-एआरओ की बैठक में उन्होंने पुनरीक्षण कार्य को छह जनवरी तक हर हाल में पूरा करने की हिदायत दी।
तहसील दिवस के बाद आयोजित बैठक में कमिश्नर ने कहा कि आगामी चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया जारी है। इसके तहत नए नाम जोड़ने, त्रुटियां दूर कराने, नाम विलोपित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने छह जनवरी तक की डेडलाइन तय की है।
बुधवार की रात 12 बजे तक का मौका है। सभी अधिकारी युद्धस्तर से इस कार्य में लगकर पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूरा कर लें। नाम जोड़ना या पते की त्रुटियां दूर करनी हों, तो उसे हर हाल में डेडलाइन तक पूरा कर लें। अद्यतन सूची 11 जनवरी को प्रकाशित किया जाना है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
डीएम डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव के कारण पुनरीक्षण कार्य में थोड़ी देरी हुई है, मगर अब इसे पूरी तत्परता से तय समय सीमा में पूरा कर ली जाएगी। बैठक में डुमरियागंज एसडीएम विनय कुमार सिंह, बांसी के योगानंद पांडेय, शोहरतगढ़ के सुरेंद्र नाथ सिंह सहित सभी तहसीलदार मौजूद रहे।