संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/सिद्धार्थनगर। स्पेशल टास्क टीम लखनऊ और बस्ती आरपीएफ ने शनिवार शाम को मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस में फर्जी टिकट पर यात्रा कर रही सिद्धार्थनगर की अफसाना खातून, अनीस अहमद, सलीमुल्लाह और संतकबीरनगर के अब्दुल हकीम को धर दबोचा है। सभी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पकड़े गए यात्री सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जिले के रहने वाले हैं।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त की ओर से गठित स्पेशल टास्क टीम में कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक बस्ती रशीद बेग मिर्जा को मुखबिर से सूचना मिली कि कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन के एस-3 कोच में एक महिला सहित चार लोग फर्जी टिकट पर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही टीम ने चारों यात्रियों को कोच से पकड़ लिया गया।
यात्रियों की पहचान अनीस अहमद और अफसाना खातून ग्राम पुरैना थाना मोहाना जिला सिद्धार्थनगर, सलीमुल्लाह बदेपुरवा, थाना मोहाना जिला सिद्धार्थनगर और अब्दुल हकीम ग्राम पिपरा गोविंद थाना दुधारा जिला संतकबीरनगर के रूप में हुई है। सभी का टिकट गोरखपुर से एलटीटी मुंबई तक स्लीपर कोच का था। बस्ती रेलवे स्टेशन से बोर्डिंग होनी थी। जिस टिकट पर यह सभी यात्रा कर रहे थे वह टिकट अन्य व्यक्तियों के नाम से बुक था। इनके आधार कार्ड और क्यूआर कोड के मिलान दौरान हकीकत सामने आई। पूछताछ में पकड़े गए यात्रियों ने बताया कि मुंबई के रहने वाले अख्तर जहान से उन्होंने सभी टिकट लिए थे। इसके लिए 8700 रुपये यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया था।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक राशिद बेग मिर्जा ने बताया कि फर्जी टिकट का कारोबार करने वाला असली मास्टरमाइंड अख्तर है और उसने ही आधार कार्ड और क्यूआर कोड में एडिट करके रेल टिकट महंगे दाम पर यात्रियों को बेचा है। पकड़े गए यात्रियों को मुचलके पर छोड़ दिया गया है।