औराताल। डुमरिया थाना क्षेत्र के चक मझारी गांव में विवाहिता आसरा बेगम की दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात चक मझारी गांव में आसरा बेगम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका की मां खलीजुल की तहरीर पर पति मोहम्मद कयूम, देवर मोहम्मद अयूब, जेठ मुस्तफा और मोहम्मद सरफराज, ससुर मोहम्मद रजा और सास मोहरा के विरुद्ध दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कुशहटा गांव के दक्षिण स्थित पुलिया के पास से पति मोहम्मद कयूम, ससुर मोहम्मद रजा और सास मोहरा को गिरफ्तार कर लिया।