भवानीगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पूरैना में बनी गोशाला का हाल बदहाल है। प्रदेश सरकार जहां गोवंश की सुरक्षा और उनके देखरेख के लिए दिशा निर्देश दे रही है, वहीं जिम्मेदार उनके मंसूबों पर पानी फेरे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पूरैना गोशाला में गोवंश देखभाल के अभाव में भूख और प्यास से जूझ कर दम तोड़ रहे हैं। गोशाला में पशुओं को खाने के लिए भरपूर चारा मिलना तो दूर की बात है, भरपेट पानी भी नहीं मिल रहा है। बीते तीन दिनों के अंदर उक्त गोशाला में तीन गोवंशों की मौत हो चुकी है।
डुमरियागंज विकास खंड से एडीओआई एसबी मानसी पटेल तथा पंचायत सचिव अनीस सिंह मौके पर पहुंच गए। पशुधन प्रसार अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि कमजोरी के चलते गोवंश की हालत ऐसी हो रही है।
-
गोशालाओं में गायों की मौत का डीएम ने लिया संज्ञान
जिलाधिकारी ने क्षेत्र के गोशालाओं में गोवंशों के मौत के मामले का संज्ञान में लिया है। इसके लिए उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी जीवन लाल को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जिले के सभी गोशालाओं में पशुओं के हरे और सूखे चारे व उनके पीने के पानी और ठंडक से बचने के लिए तिरपाल की व्यवस्था करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रखा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गोशालाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।