टॉवर से केबल चोरी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर। मोबाइल टॉवर से केबल सहित अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को जोगिया थाने की पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने कई घटनाओं का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने भोर में क्षेत्र के फजिहतवा नाले के पास देर रात चेकिंग के दौरान तीनों को दबोचा। उनके कब्जे से चोरी के केबल, लैपटॉप सहित अन्य सामान बरामद किए गए। पूछताछ करने के बाद तीनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कोतवाल जोगिया दिनेश कुमार सरोज ने बताया कि क्षेत्र के सतवाढ़ी गांव में बीएसएनएल कंपनी का मोबाइल टॉवर लगा हुआ है। वहां से केबल सहित अन्य सामान चोरी हुआ था।
रविवार सुबह चोरी का मुकदमा दर्ज करके मामले का पर्दाफाश करने के लिए एसएसआई राजेश कुमार शुक्ल की टीम लग गई थी। सोमवार की भोर में मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य क्षेत्र के फजिहतवा नाले के पास मौजूद हैं और चोरी का सामान कहीं बेचने वाले हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए एसआई रणंजय सिंह सहित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान तीन संदिग्ध दिखे, जो पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। उसके बाद घेराबंदी करके पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों की पहचान मोहम्मद लतीफ, मो. रफी, मो. रईस निवासी सतवाढ़ी के रूप में हुई। पूछताछ करने के बाद तीनों का चालान कर दिया गया।