शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के नकाही टोला कोटिया मिश्र गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी रामकुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गए थे। शनिवार सुबह उठने पर बरामदे का चैनल गेट खुला मिला। संदेह होने पर जब दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो कमरों के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार अलमारी में रखे आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद गायब मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। संवाद