सड़क निर्माण से दाेनों तरफ जलभराव से कस्बे के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बारिश से लोटन कस्बे में सड़क के दोनों तरफ जलभराव की स्थिति बन गई है। कस्बावासियों व दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घर व दुकान के सामने जलभराव व कीचड़ होने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
लोटन से नौगढ़ तक चार माह पहले ही सड़क का निर्माण कराया गया है। सड़क का निर्माण होने के बाद नाला का निर्माण नहीं हो पाया। इससे लोगों को बारिश के समय में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण होने के बाद पानी का ढलान सड़क के दोनों तरफ कर दिया गया है। जिससे लोगाें के घर के सामने अक्सर जलभराव रहता है। ऐसे में पूरे बारिश कस्बे के लोगों को समस्या के साथ-साथ जलभराव होने से दुकानदारोें का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। कस्बे के लोगों ने नाला निर्माण करवाने की मांग की है। वहीं जल जमाव होने से लोगों में आक्रोश भी व्याप्त है।
जलभराव होने से कस्बे के लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। किसी भी दुकान पर जाने के लिए पानी में चलकर जाना पड़ता है।
-अजय सिंह, समाजसेवी
-
जलभराव होने से दुकान पर ग्राहक आने से कतराते हैं। जबकि कई बार सड़क के दोनों तरफ नाला निर्माण करवाने की मांग भी कई गई है।
-बेलाल अहमद, कारोबारी
नाला निर्माण करवाने के लिए संबंधित जेई को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही लोटन कस्बे में नाला का निर्माण कार्य शुरू हाे जाएगा।
-आरके भारद्वाज, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी