नौगढ़ ब्लाॅक क्षेत्र के ससना में नहीं है अध्यापक, एक शिक्षामित्र के भरोसे चल रहा पठन-पाठन का कार्य
120 विद्याथीZ हैं पंजीकृत, अंधकार में है नौनिहालों का भविष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नौगढ़ ब्लाॅक क्षेत्र के ससना में बिना अध्यापक के ही प्राथमिक विद्यालय का संचालन हो रहा है। जुलाई माह से पठन-पाठन कार्य ठप है। बच्चे विद्यालय में आते हैं और मध्याह्न भोजन ग्रहण कर घर चले जाते हैं।
प्राथमिक विद्यालय ससना में 120 छात्र पंजीकृत हैं, लेकिन शिक्षक नहीं होने से सैकड़ों नौनिहालों का भविष्य अधर में लटका हुआ है, जबकि प्रतिदिन 50 से 60 छात्र प्रतिदिन विद्यालय में पढ़ने आते हैं। लेकिन वो पढ़ने के बजाय एमडीएम खाकर घर चले जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय पलिया टेकधर के शिक्षामित्र पंकज कुमार मिश्रा विद्यालय की व्यवस्था देखते हैं। वह कभी-कभार आकर बच्चों को पढ़ाते हैं। विद्यालय में पूर्व में सस्पेंड महिला सहायक अध्यापिका की ड्यूटी लगी है। वह भी रेगुलर नहीं आती हैं। प्रदेश सरकार के ऑनलाइन स्थानांतरण के समय यहां पर कार्यरत शिक्षकों का अन्यत्र तबादला हो गया है। उसके बाद यहां किसी शिक्षक की तैनाती नहीं हो पाई है। इससे नौनिहालों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। विद्यालय में कार्यरत रसोइयों ने बताया कि हम लोग आकर विद्यालय खोलते हैं, विद्यालय में साफ-सफाई करके समय से छात्रों के लिए एमडीएम का भोजन पकाकर दिया जाता है। जब कोई अध्यापक आता है, तो पढ़ाता है, नहीं तो बच्चे दिनभर बैठे रहते हैं।
वर्जन...
इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि गंगा मिश्रा ने बताया कि चार महीने से कोई अध्यापक नहीं है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। जिससे छात्रों का भविष्य बर्बाद न हो। जल्दी ही यहां पर किसी अध्यापक को तैनात किया जाना चाहिए।
-
इस विद्यालय में वेद प्रकाश द्विवेदी सहायक अध्यापक की तैनाती हो गई है। वह एक-दो दिन में कार्यभार ग्रहण कर लेंगे और शिक्षण कार्य सुचारु से शुरू हो जाएगा।
धर्मेंद्र कुमार पाल, खंड शिक्षा अधिकारी