इटवा। बेनीनगर स्थित ऑनलाइन डिलीवरी प्वाइंट लिमिटेड के कार्यालय और गोदाम में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एंटीथेफ्ट टीम, इटवा पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बदलिया चौराहे से आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से एक लैपटॉप, एलसीडी मॉनिटर, तीन मोबाइल और एक हजार रुपये बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, 23-24 अगस्त 2026 की रात चोरों ने कार्यालय के रोशनदान का शीशा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के लगईडीह सरोथर कठौतिया निवासी हरीश मौर्य, सर्वेश त्रिपाठी और मनीजोत निवासी आकाश कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी हरीश ने बताया कि वह पहले डिलीवरी प्वाइंट पर काम करता था। उसे जानकारी थी कि रविवार को सप्ताहभर का नकद संग्रह कार्यालय में रखा जाता है और सोमवार को बैंक में जमा होता है। इसी जानकारी के आधार पर उसने दोनों साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।