आपसी रंजिश मेें सोमवार देर रात करीब 11 बजे थाना त्रिलोकपुर में नहर के पास बुलाकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने युवक के पेट में चाकू को छोड़ दिया है।
घायल युवक का नाम राजन (25) थाना क्षेत्र के ग्राम बानदेई का निवासी है। मजिस्ट्रेट डुमरियागंज ने घायल के बयान को कलमबंद कर लिया है। घायल की स्थिति को गंभीर देख बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घायल युवक ने एसडीएम को बयान दिया कि रात को 10 बजे के करीब उसे क्षेत्र के पांच व्यक्तियों ने बात करने के लिए बुलाया था।
पहले से ही किसी बात को लेकर उनमें विवाद चल रहा था। आपस में सुलह कराने के लिए बातचीत चल रही थी। इसी बीच एक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौबे ने बताया कि घायल के पेट में चाकू को देख पहले उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दे दिया है।
परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दिया है, पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज दीनदयाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है, तहरीर मिलने के बाद जल्द ही बयान में बताए गए नामजदों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।