-शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के ग्राम परसौना का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
घोसियारी। शिव नगर डिड़ई थाना क्षेत्र स्थित ग्राम परसौना के सिवान में शनिवार की रात कुत्तों के झुंड ने राह भटक कर आए हिरन पर हमला बोल दिया। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर हिरन की जान बचाई।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात दस बजे के करीब एक साथ कई कुत्तों के भौंकने की आवाज आने लगी, तो आसपास के लोग जग गए। मौके पर जाकर देखा तो कई कुत्ते एक हिरन पर हमलावर थे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से मारकर सभी कुत्तों को भगाया और घायल हिरन को उठाकर लाए। ग्राम प्रधान दुर्गेश ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इस संबंध में एसओ राम कृपाल शुक्ला ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने हिरन को कब्जे ले लिया है और उसका इलाज कराया जा रहा है।