नए वर्ष में पांचवें दिन भी नहीं दिखा सूरज
लगातार दूसरे दिन भी रहा अति शीत दिवस
धूप नहीं निकलने से दिन रात का तापमान लगभग बराबर
सिद्धार्थनगर। नए वर्ष में बृहस्पतिवार को पांचवें दिन भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन अति शीत दिवस यानी अत्यधिक ठंडे दिन के रूप में दर्ज किया। दिन और रात का तापमान लगभग बराबर होने के कारण लोग ठंड से ठिठुर गए। कई परत गर्म कपड़ों के बावजूद भी घर से बाहर लोगों को गलन से कंपकंपी आने लगी। जरूरत पर अलाव नहीं मिला तो लोगों ने कागज जलाकर भी ठंड से बचने की कोशिश की।
जिले में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस समय में जिले का अधिकतम सामान्य तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्यियस होना चाहिए। इस मानक के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से दस डिग्री सेल्सियस कम हो गया, दिन रात के तापमान में मात्र 1.9 डिग्री सेल्सियस रह गया है। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 9.2 एवं अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस था। दिन और रात के तापमान में गिरावट होने के कारण ठंड का असर ज्यादा हुआ। दिन रात का तापमान लगभग बराबर होने के कारण दिन में भी रात जैसी ठंड का अहसास हुआ।
जिन लोगों के आवश्यक कार्य नहीं थे, वे घर में रजाई, कंबल के सहारे ठंड भगाए। अत्यधिक ठंड में मरीज, बच्चे व बुजुर्ग घर में कैदी की तरह हो गए हैं। उनकी सेहत को लेकर चिंतित परिवार के लोग उन्हें बाहर जाने से रोक रहे हैं। ठंड के मौसम में जिनकी तबीयत ज्यादा खराब हो रही है, वे लोग ही अस्पताल जा रहे हैं। यही कारण है कि संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में 1000 से 1200 मरीजों के बजाय करीब 600 पहुंच रहे हैं।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे बाद दिन के तापमान में आंशिक वृद्धि और रात के तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। कोहरा कम होगा तो रात की ठंड बढ़ेगी। दो तीन दिन तक ठंड अधिक रहने का अनुमान है। लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।