बांसी। नगर के सबसे अधिक भीड़ वाले रोडवेज चौराहे पर निजी बस और टैक्सी खड़ी कर सवारी भरने सहित मनमाने तरीके से वाहन खड़े करने से अक्सर जाम लग जाता है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार जिम्मेदारों से मांग करने के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
बांसी कस्बे में एनएच-28 पर चौराहा से बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, डुमरियागंज इटवा आदि कस्बों व शहरों के लिए काफी वाहन गुजरते हैं। वाहन चालक मनमाने तरीके से वाहन निकालते हैं। इसलिए यहां दिन में कई बार जाम लगता है। इससे राहगीरों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। अक्सर जाम लगने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां लगने वाले जाम में अक्सर छोटे बच्चों की स्कूल बस व एंबुलेंस भी फंस जाती है।
नगर निवासी नीरज श्रीवास्तव का कहना है कि परिवहन निगम बस अड्डा के निकट सड़क पर निजी बस और टैक्सी खड़ी कर सवारी भरते है। इससे जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। सब जानकारी होने के बाद भी जिम्मेदार समस्या के समाधान पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। समाजसेवी अमित बख्शी ने कहा कि मनमाने तरीके से वाहन चलाने और दुकानों के सामने आड़ा तिरछा गाड़ी खड़ी करने से रोडवेज चौराहे पर जाम की समस्या आम हो गई है।
इस संबंध में एसडीएम शशांक शेखर राय ने बताया कि जल्द ही योजना तैयार करके काम करवाया जाएगा।