श्याम सुंदर तिवारी
सिद्धार्थनगर। जिस पुत्र को गोद में खिलाया, कंधे पर घुमाया, उसकी खुशहाली के लिए सब कुछ किया कि बुढ़ापे का सहारा बनेगा। वही बेटा देखरेख करने की बजाय बेरहमी से हत्या कर दे, तो कैसा महसूस करेंगे। कुछ ऐसा ही कलयुग के लवकुश ने अपने वृद्ध पिता बलराम के साथ किया।
पिता छोटे भाई को जमीन लिख देंगे, इस खुन्नस में पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट यह बयां कर रही है कि आरोपी बेटे ने पिता की कितनी बेरहमी से हत्या की। उसने पिता को कई प्रकार से मारा। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध की मौत कई चोट से हुई है।
सिर पर डंडे से वार किया गया है। चेहरे पर डंडे से मारा गया है। हंसिया से गला काटा गया है। मुंह के अंदर डंडा डालकर घुमाया गया है, जिससे जबड़े के अंदर गंभीर चोट होने की बात सामने आई है।
इसके अलावा भी चोट लगी है। यह सब करने में कम से कम 15-20 मिनट का वक्त लगा होगा। ऐसे में महसूस किया जा सकता है कि वृद्ध पिता कितना तड़पा होगा और कैसे उसकी जान गई होगी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
इस संबंध में एसओ उसका रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। फरार चल रही उसकी पत्नी को गिरफ्तार करने में पुलिस टीम लगी है।