मौसम की तल्खी से स्किन एलर्जी के मरीज बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। तेज धूप लोगों की त्वचा को नुकसान पहुंचा रही है। इसका असर ये है कि स्किन का ऊपरी हिस्सा जल रहा है। साथ ही सनबर्न, इचिंग से लोग परेशान हैं।
सफेद, लाल चकत्ते के साथ लोगों को सोरायसिस की भी परेशानी हो रही है। इसके अलावा लोग लू लगने, बुखार व पेट संबंधी बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं। सीएचसी व पीएचसी से लेकर निजी अस्पतालों में इन दिनों काफी संख्या में मरीज त्वचा रोग से संबंधित पहुंच रहे हैं। महिलाओं में त्वचा से संबंधित समस्या अधिक आ रही है। इसमें सबसे ज्यादा मरीज सनबर्न के रहते हैं। शरीर के खुले हुए हिस्से जैसे हाथ, गर्दन, चेहरे पर सबसे ज्यादा सनबर्न का असर है। इनमें धूप में काम करने वालों और महिलाओं की संख्या अधिक है। पानी की कमी के कारण त्वचा शुष्क हो रही है।
चिकित्सक डॉ. मुहम्मद मुस्तकीम अंसारी ने बताया मरीजों को फंगल इंफेक्शन भी हो रहा है। सोरायसिस की परेशानी भी हो रही है। गर्मी से बेचैनी बढ़ने, बुखार, इंफेक्शन से पेट संबंधी रोग, लू लगने आदि के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। गर्मी के मौसम में बिना बचाव के बाहर निकलने और खानपान में लापरवाही लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है।
-
बरतें सावधानियां
- पानी की कमी न होने दें।
- बाहर जाते समय चेहरा ढंककर रखें।
- संतरा, तरबूज, खरबूज, ककड़ी और खीरा खूब खाएं।
- ग्लूकोज डालकर पानी पीएं या फिर नमक व चीनी का घोल लें।
- सूती और ढीले कपड़े पहनें।
-धूप में खाली पेट बाहर न जाएं।
- हल्का भोजन करें।