भाटपार रानी। थाना क्षेत्र के ग्राम करमुआ में शुक्रवार को छुट्टी पर आए पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर की शुक्रवार सुबह अचानक गिरकर मौत हो गई।
वह गांव के बाहर अपना खेत देखने गए थे। मौत की सूचना पर परिवार में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया। ग्राम सभा करमुआ निवासी सत्येंद्र यादव (49) गोंडा जिले के थाना धानेपुर उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे। वहां से छुट्टी लेकर अपने परिवार के साथ बृहस्पतिवार को अपने गांव आए थे। शुक्रवार की सुबह वे अकेले टहलते हुए अपना खेत देखने गए थे।
वापस घर आते समय अचानक रास्ते में गिर गए। परिजन उन्हें लेकर स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ अभिषेक राय ने बताया कि मृतक के तैनाती स्थल पर भी घटना की सूचना दे दी गई है।