-डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बढ़नी चाफा में बना कोल्ड स्टोर हो गया बदहाल
-कायाकल्प करके संचालित करने की थी योजना, एक साल बाद भी नहीं शुरू हुआ काम
संवाद न्यूज एजेंसी
भारतभारी। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बढ़नीचाफा में बना कोल्ड स्टोरेज कायाकल्प नहीं होने से 20 वर्षों से ठप है। इससे जिले के किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। गर्मी में किसान सब्जियों को रखने के लिए अन्य जिलाें में जा रहे हैं। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक कोल्ड स्टोरेज डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बढ़नीचाफा में था, जिससे किसानों को सहूलियत थी, लेकिन दो दशक पहले बढ़नी में बना कोल्ड स्टोरेज बंद हो गया। अब किसानों को सब्जियां व अन्य सामान बचाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में किसानों के सामने गंभी संकट पैदा हो गया है। इसकी शुरुआत के लिए कई बार लोगों ने प्रयास किया, लेकिन नतीजा शून्य रहा। स्थानीय विधायक सैयदा खातून ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत करवाया कि कोल्ड स्टोरेज शुरू किया जाए।
भारतभारी नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा ने भी अधिकारियों को पत्र के माध्यम से संचालन के लिए अवगत करवाया। देवरिया निवासी निवासी अवधेश श्रीवास्तव का कहना है कि बढ़नी में कोल्ड स्टोरेज होने से इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिला था। जो लोग आलू की साफ-सफाई व लोडिंग का काम करते थे और रोजगार से जुड़े थे। आज वे बेरोजगार हो गए हैं।
पोखरा काजी निवासी राम कृपाल का कहना है कि हमारे क्षेत्र के बढ़नीचाफा में मात्र एक कोल्ड स्टोरेज था, जिसमें हम किसानों को अपनी सब्जी स्टोर करने में आसानी होती थी और सब्जी आदि सामान खराब नहीं होती थी। किसान बाद में सब्जियों को बेच कर अच्छी आय अर्जित करते थे, लेकिन दो दशक से कोल्ड स्टोरेज के बंद होने से हम किसानों को सब्जी व अन्य सामानों के खराब होने के डर से औने पौने दामो में बेचना पड़ता है। सोनहटी निवासी शिव कुमार ने कहा कि बढ़नी कोल्ड स्टोरेज होने से डुमरियागंज सहित जिले के लोगो को इसका फायदा होता था।
कोल्ड स्टोरेज बंद होने की जानकारी है। उच्च अधिकारियों को पत्र के माध्यम से कोल्ड स्टोरेज को शुरू करने के लिए लिखा जाएगा। इसके शुरू होने से जिले के साथ अन्य किसानों को भी सुविधा मिलेगी।
-डॉ. संजीव दीक्षित, एसडीएम, डुमरियागंज