इटवा क्षेेत्र के अमौना गांव की घटना, केबिन में घुसकर की पिटाई
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। क्षेत्र के अमौना के पूरब इटवा-बढ़नी मार्ग पर स्थित एक धर्मकांटा पर तौल का कार्य करने वाले एक व्यक्ति को शुक्रवार देर शाम उसके केबिन में घुसकर कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। इटवा पुलिस ने तहरीर के आधार पर शनिवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिसा है।
संतकबीरनगर जनपद निवासी नागेंद्र सिंह सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र के अमौना स्थित एक धर्मकांटा पर चार वर्ष से कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम वह कांटे पर आए ट्रकों की तौल कर रहा था कि कई लोग उसे लाठी-डंडे से पीटने लगे। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में नागेंद्र सिंह की आंख व पैर में गंभीर चोट आई है। गंभीर स्थिति में उसे सीएचसी व इसके बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस तहरीर के आधार पर मारपीट का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।