बांसी। कस्बे के आजादनगर वार्ड के शीतलगंज में स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल को लाइसेंस नवीनीकरण न होने और आवश्यक पत्रावली न दिखाने पर सील कर दिया गया है।
बुधवार को करही शुक्ल गांव निवासी हरिश्चंद्र के जच्चा-बच्चा की हत्या किए जाने की शिकायत पर जांच करने एसडीएम शशांक शेखर राय व एडिशनल सीएमओ के साथ लाइफ केयर हॉस्पिटल पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की जांच की।
जांच में अस्पताल का नवीनीकरण नहीं पाया गया। साथ ही अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक दस्तावेज मांगने पर अस्पताल संचालक नहीं दिखा पाए।
टीम ने हर बिंदुओं की गहनता से जांच के बाद सील करने की कार्रवाई की। वहीं, लगे आरोपों में सत्यता की जांच के लिए अलग से कमेटी बनाई गई। उसकी जांच में जो तथ्य सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
इस संबंध में एसडीएम शशांक शेखर राय ने बताया कि नवीनीकरण न होने के कारण नोटिस देकर अस्पताल की सील कर दिया गया है। मामले की जांच अभी चल रही है।