ग्राम पंचायतों की नवनिर्वाचित सरकार ने रविवार को बकायदे काम-काज संभाल लिया। ब्लाक परिसर में आयोजित समारोह में नए प्रधानों को शपथ दिलाई गई। हालांकि दो तिहाई सदस्य का कोरम पूरा न करने वाली पंचायतों के प्रतिनिधि शपथ नहीं ले सके। समारोह में मौजूद ऐसे प्रधान मन मसोसते नजर आए। जिले के सभी ब्लाकों में शपथ ग्रहण समारोह पूर्वक हुआ। अधिकांश ब्लाकों में खंड विकास अधिकारी ने प्रधानों को शपथ दिलाई।
नौगढ़ ब्लाक परिसर में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी डा.सुरेन्द्र कुमार ने नवनिर्वाचित 49 प्रधानों को शपथ दिलाया। यहां कुल 59 ग्राम पंचायते हैं। महादेवा लाला व पारा नानकार में पद रिक्त हैं। सरौता, कंदवा, बेलवा, बस्ठा, मनोहरी, शाहा, बचड़ा-बचड़ी, सोनवल पंचायत के प्रधान सदस्यों का कोरम पूरा न होने से शपथ नहीं ले सके।
इस मौके पर बीडीओ केडी गोस्वामी, सीओ अकमल खां आदि मौजूद रहे। लोटन ब्लाक में बीडीओ उमेश चंद्र तिवारी ने 54 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित सदस्यों में से 48 लोगों को शपथ ग्रहण कराया। छह गांवों के प्रधान शपथ नहीं ले पाए। ग्राम पंचायत सदस्यों को एडीओ पंचायत अवधेश मिश्रा ने शपथ ग्रहण कराया। बर्डपुर ब्लाक में कुल 37 में से 34 ग्राम प्रधानों को बीडीओ ने शपथ ग्रहण कराया। बर्गदी, सिहोरवा,जमुहवा के प्रधान शपथ नहीं ले पाए।