लेखपालों का धरना प्रदर्शन जारी
- फोटो : प्रदेश में
लेखपालों का पदनाम बदलकर राजस्व निरीक्षक करने सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा धरना 8वें दिन भी जारी रहा। नाराज लेखपालों का कहना था कि अगर मांगें 22 तक नहीं पूरी की गई तो 23 को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम करन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार लेखपालों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हो रही है, लेकिन संगठन भी अपनी मांगों को लेकर रहेगा। मांगे पूरी नहीं होने तक कार्य बहिष्कार कर धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति दूर करने, पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की जा रही है, सरकार चुप्पी साधे बैठी है।
उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर 13 तक धरना जारी रहेगा। इसके बाद 14 को पैदल रैली निकाली जाएगी और 15 को फिर धरना स्थल पर पहुंचकर रक्तदान शिविर लगाकर रक्तदान किया जाएगा। 19 सितंबर को बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद 20, 21, 22 सितंबर को तीन दिवसीय क्रमिक अनशन पर प्रतिदिन 11 लेखपाल 24 घंटे रहेंगे और 23 को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार से हम अपनी मांगे पूरी करा लेने के बाद ही दम लेंगे। इस दौरान राम समुझ देवानंद, सुधीर श्रीवास्तव, अरूण, श्याम नाथ, कृष्णभूषण दुबे, अशोक श्रीवास्तव, महेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।