संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोहरा व शीतलहर से परेशान लोगों के लिए बृहस्पतिवार का दिन राहत भरा रहा। सुबह करीब 10:00 बजे से धूप खिलने से लोग घरों से निकल पड़े। इससे बाजारों में भी रौनक छाई रही। दोपहर से सूर्य ढलने तक शहर के पार्कों में बच्चों ने खूब उछल-कूद मचाई। जबकि मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को घना कोहरा छाए रहेंगे।
एक सप्ताह से मौसम पूरी तरह से बदल गया था, जिससे लोगों को सूर्य भगवान का दर्शन नहीं हुआ। पूरे दिन बादल व कोहरा छाने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को भी सुबह में घना कोहरा छाया रहा, लेकिन करीब आठ बजे से मौसम साफ होने लगा, उसके बाद 10 बजे से मौसम साफ होने के बाद धूप निकली। धूप के साथ लोगों के चेहरे भी खिल उठे। बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ रही।
वहीं शाम को धूप जाते ही सर्दी ने फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए। ठंडी हवा के साथ मौसम में बदलाव देख लोग घरों में कैद हो गए। शाम में गलन भरी ठंड ने परेशान कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार की सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। बादलों और कोहरे के बाद साफ हुए मौसम में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। इस समय पश्चिमी विक्षोभ का माहौल है। सुबह की शुरुआत कोहरे से हुई। दोपहर में धूप खिलने से सर्दी से कुछ राहत मिली। यदि हवा पूर्वी-पश्चिमी हुई तो शीतलहर और तेज हो जाएगी।