बांसी। बिजली विभाग के जेई के रवैये के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता खैरटिया फीडर पर धरने पर बैठ गए हैं। नाराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जेई ने बिना किसी कारण के फर्जी मुकदमे में फंसा दिया है।
जब तक मुकदमा वापस नहीं लिया जाता, धरना जारी रहेगा। मंडल सचिव महेंद्र कुमार लोधी ने कहा कि जेई ने ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर धन की मांग की थी। इसकी पूर्ति न हुई तो उपभोक्ताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। उन्होंने कहा कि एसडीएम बांसी सहित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने व निर्दोष उपभोक्ताओं के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे को वापस लेने की मांग की गई है।
मांग पूरी होने तक धरना चलता रहेगा। जरूरत पड़ी तो चक्का जाम भी किया जाएगा। जिलाध्यक्ष इश्तियाक अहमद, उपेंद्र कुमार यादव, देवेंद्र नाथ मिश्र, सूर्यनारायण यादव, रामबृक्ष राव, रफीक खां, हरिश्चंद्र आदि मौजूद रहे।
सिद्धार्थनगर। मांगों को लेकर कृषि कार्यालय परिसर में चल रहा भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना सोमवार को भी जारी रहा। नाराज कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष यार मोहम्मद चौधरी ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण एक नवंबर को शुरू होने वाला धान खरीद सात नवंबर तक शुरू नहीं हो पाया है। किसानों को कम दाम पर बिचौलियों के हाथ अपनी गाढ़ी कमाई देने को विवश हैं। जल्द से जल्द क्रय केंद्रों को सक्रिय किया जाए। बाढ़ से नुकसान हुए फसलों का आकलन करके किसानों को मुआवजा दिया जाए। नकली खाद- बीज के दुकानदारों पर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाए। कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान नंदराम यादव, महेश कुमार, अनिल कुमार राव, गया प्रसाद आदि लोग मौजूद रहे।