आज से खुलेंगे परिषदीय स्कूलों के ताले
कोरोना संक्रमण की वजह से 20 मार्च से बंद चल रहे थे स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। परिषदीय स्कूलों के ताले 100 दिन बाद पहली जुलाई बृहस्पतिवार को खुलेंगे। अभी स्कूलों में छात्रों की पढ़ाई तो नहीं होगी, लेकिन शिक्षकों को हाजिरी देनी होगी। दो माह में छात्रों का डाटाबेस प्रेरणा एप पर अपलोड करना है।
स्कूल में पहले दिन ही अध्यापकों को सफाई, बिजली, पानी जैसी समस्याओं से जूझना होगा। अभी केवल शिक्षकों को ही बुलाया जाएगा। इस दौरान शिक्षक विद्यालय में पहुंचकर विद्यालय में नामांकित बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई कराने के साथ विभागीय अन्य कार्य निपटाएंगे। 100 दिनों तक लगातार बंद रहे स्कूलों में पहुंचने पर शिक्षकों को विद्यालय में सफाई, बिजली और पानी समेत परेशानियों से जूझना पड़ेगा। बीएसए राजेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमितों की संख्या कम हुई है। इसको देखते हुए शासन की तरफ से एक जुलाई से स्कूल खोलने का निर्देश मिला है।
छुट्टी देने में नहीं चलेगी मनमानी
परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की छुट्टियां मंजूर करने में अब बीएसए और बीईओ की मनमानी नहीं चलेगी। शिक्षकों का अवकाश अस्वीकृत करने का कारण स्पष्ट करना अनिवार्य कर दिया गया है। अब एक भी दिन आवेदन लंबित रखने को शिक्षकों का शोषण माना जाएगा। इसके साथ ही अब अवकाश के लिए न तो किसी शिक्षक से फोन पर कोई संपर्क करेगा और न ही किसी कागजात के लिए व्यक्तिगत बुलाएगा। शिक्षकों से सीधे शासन फोन पर जानकारी फीडबैक लेगी और कोई कमी मिलने पर कार्रवाई करेगी।