बांसी। एसडीएम के आदेश पर बुधवार को खेसरहा ब्लॉक के भलुहा ग्राम प्रधान के लिए हुए दोबारा मतगणना को उच्च न्यायालय ने निरस्त कर दिया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में ग्राम प्रधान के चुनाव में सोनमती निर्वाचित हुई थीं। कुछ दिनों बाद दूसरे स्थान पर रहीं संगीता ने पुनर्मतगणना के लिए एसडीएम न्यायालय में वाद दाखिल किया। इस क्रम में एसडीएम के निर्देश पर बुधवार को एसडीएम न्यायालय में मतों की गणना हुई और संगीता को 24 मतों से विजयी घोषित किया गया। हालांकि एसडीएम न्यायालय के दोबारा मतगणना कराए जाने के आदेश के खिलाफ सोनमती ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वाद दाखिल किया था। उच्च न्यायालय ने एसडीएम न्यायालय के दोबारा मतगणना के आदेश को निरस्त कर दिया है। उच्च न्यायालय के आदेश की प्रति बृहस्पतिवार को सोनमती के प्रतिनिधि सदावृक्ष यादव ने एसडीएम कार्यालय में सौंप दी है। एसडीएम के स्टेनो वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि दोबारा हुई मतगणना को उच्च न्यायालय ने निरस्त कर दिया है। वहीं जिले से बाहर गए एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।