संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। मौनी अमावस्या के पर्व पर बांसी राप्ती नदी के तट पर चलने वाले माघ मेला एवं प्रदर्शनी में क्षेत्र के लोगों का आवागमन काफी बढ़ गया है।
युवाओं और बच्चों को झूला भा रहा है वही महिलाएं घर के साजसज्जा का सामान खरीदने में व्यस्त दिखी। रविवार को हुई भारी भीड़ संभालना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया। पुलिस प्रशासन को भीड़ संभालने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
बांसी माघ मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन 28 जनवरी मौनी अमावस्या के पर्व पर किया गया था। जो 10 मार्च तक चलेगा। शुरुआती दिनों में माघ मेले में लोगों की आवक कम होने से भीड़ कम रही पर इधर मौसम ठीक-ठाक होने के चलते माघ मेले में मेलार्थियों की भीड़ धीरे-धीरे बढ़ रही है। रविवार को विद्यालय व सरकारी संस्थान बंद होने के कारण माघ मेला में काफी भीड़ आ गई। आलम यह रहा कि भारी संख्या में लोग माघ मेले में आए और माघ मेला का आनंद उठाया।
क्षेत्र के गांवों से ट्रैक्टर-ट्राॅली करके लोग माघ मेले में आ रहे हैं, और माघ मेले का आनंद उठा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन की तरफ से हनुमानगढ़ी मंदिर से आब्दी तिराहा तक, हनुमानगढ़ी से नए हाईवे तक तथा माघ मेला प्रांगण के विभिन्न सेक्टरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हाईवे पर व मेले के अंदर आवागमन में कोई दुश्वारी न हो इसके लिए मेला प्रभारी विजय प्रकाश दीक्षित पूरे दिन पुलिस बल के साथ गश्त कर करते रहे। हाईवे राप्ती पुल से लेकर माघ मेला मैदान तक केवल मेले में आए लोग भी दिखाई पड़ रहे थे माघ मेले का पूरा कंट्रोल माघ मेला में स्थापित पुलिस चौकी से कंट्रोल किया जा रहा है।
माघ मेला में थिएटर, डांस पार्टी, मौत कुआं, झूला, भूत बंगला आदि का आनंद लोग उठा रहे हैं। लोग तरह-तरह की दुकानों से सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं।