संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के भिटिया स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार की सुबह गोरखपुर से गोंडा की तरफ जाने वाली मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक छोटे भाई की बरात में भिटिया में आया था। मौत के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया है।
पंचायत बरगदवा के टोला अगया निवासी राममुकुट यादव के सबसे छोटे बेटे अमित यादव (22) की शादी उसका थाना क्षेत्र के भिटिया गांव निवासी रामभवन की बेटी अंजू यादव से 23 मई को होनी तय थी। प्रदीप यादव (26) छोटे भाई अमित की शादी में हंसी-खुशी शामिल हुआ।
बड़े भाई मनोज यादव ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि शनिवार की सुबह में जनवासा से प्रदीप नित्यक्रिया की बात कहकर रेल ट्रैक की तरफ गया था। इस बीच बराती आगे की रस्म निभाते रहे। कुछ देर बाद ट्रेन जाने की आवाज आई और लगभग साढ़े चार बजे सुबह एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने से मौत की बात ग्रामीणों ने बताई।
अनहोनी की आशंका के बीच घराती और बराती घटनास्थल पर पहुंचे। जहां प्रदीप का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।