कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय का दसवां दीक्षांत समारोह इस बार केवल शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं बल्कि वीवीआईपी प्रोटोकॉल वाला आयोजन भी होगा। समारोह में राज्यपाल की प्रस्तावित मौजूदगी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और अतिथि प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
दस्तावेजों के अनुसार विशेष सुरक्षा और चिकित्सकीय व्यवस्था समिति, अनुशासन समिति, प्रवेश पास समिति, परिवहन समिति, गाइड ऑफिसर समिति और स्वागत समिति को सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। इन समितियों के माध्यम से अतिथियों के आगमन से लेकर कार्यक्रम समाप्त होने तक हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी।
प्रवेश केवल निर्धारित पास के माध्यम से होगा। अतिथियों के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाएगी जबकि विद्यार्थियों और अभिभावकों की आवाजाही भी नियंत्रित रहेगी। परिवहन समिति वीआईपी वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था पर नजर रखेगी। गाइड ऑफिसर समिति विशिष्ट अतिथियों के साथ समन्वय बनाए रखेगी।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी बहुस्तरीय बनाया जा रहा है। अनुशासन समिति पूरे परिसर में व्यवस्था बनाए रखने का काम करेगी।
कुलपति डॉ. कविता शाह ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य है कि दीक्षांत समारोह गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। इसी कारण इस बार तैयारियों में प्रोटोकॉल और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है।