संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय से लोटन क्षेत्र के ठोठरी बॉर्डर तक रोडवेज बसों का संचालन नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 26 किमी की दूरी तय करने में 100 रुपये से अधिक किराया देना पड़ता है, जबकि तीन स्थानों पर वाहन बदलने पड़ रहे हैं।
सरकारी बस का संचालन नहीं होने से प्राइवेट ऑटाे चालकों की मनमानी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले ठोठरी बॉर्डर से वाराणसी के लिए बस का संचालन किया जाता था, जिससे मुख्यालय के साथ लोगों को वाराणसी जाने में भी सुविधा मिलती थी, जबकि सुबह 7:00 बजे जिला मुख्यालय से ठोठरी के लिए भी बस का संचालन होता था, तो लोगों को शहर आने-जाने में आसानी होती थी।
कोरोना कॉल के बाद सड़क टूटने का हवाला देते हुए रोडवेज ने लोटन ब्लॉक होते हुए ठोठरी के लिए बस का संचालन बंद कर दिया गया है, जिससे सभी ठोठरी, लोटन से जिला मुख्यालय आने वाले यात्रियों को तीन जगहों पर प्राइवेट वाहन बदलते हुए तीन गुना किराया देना पड़ता है।
वहीं शाम के समय प्राइवेट ऑटो चालक गाड़ी रिजर्व करने के लिए कहते हैं। बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को 26 किमी दूरी तय करने के लिए 100 रुपये किराया देना पड़ता है।