शोहरतगढ़। स्थानीय कस्बे में चोरों ने पुलिस की गश्त की पोल खोल दी है। चोरों ने शुक्रवार की रात शोहरतगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 आर्य नगर में एक घर को निशाना बनाया है। पूजा वाले कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसकर कमरे में रखी अलमारी की कुंडी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत ढाई लाख से अधिक के सामान उठा ले गए।
वारदात के बारे में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, शोहरतगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 आर्य नगर में जामा मस्जिद के पूरब स्नेहा शर्मा पुत्री कैलाश शर्मा अपनी बेटी के साथ शुक्रवार की रात छत पर सोने चली गई। तड़के करीब तीन बजे चोरों की आहट सुनकर पड़ोसी जाग गए और चोर-चोर चिल्लाने लगे, यह सब सुनकर स्नेहा नीचे गई तो देखा कि कमरे की अलमारी टूटी हुई है।