सिद्धार्थनगर। सदर तहसील क्षेत्र के मुडली गांव के लोग शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां गांव में सड़क पर हुए कब्जे को खाली कराने की मांग की। जल्द रास्ता खाली नहीं होने पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
क्षेत्र के मुडली गांव निवासी शशिकांत पांडेय, प्रमोद मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। इन्होंने आरोप लगाया कि गांव में एक रास्ता है, जहां से लोग मंदिर और अपने खेत तक जाते हैं। इसी रास्ते को एक व्यक्ति ने कब्जा करते हुए दीवाल खड़ी कर ली है। एक बार राजस्व टीम हटाने गई तो विरोध शुरू कर दिया। तीन दिन पहले दोबारा टीम ने दीवाल तोड़ना शुरू किया तो फिर बवाल करके भगा दिया। अब सभी को धमकी दे रहा है। जल्द रास्ते से कब्जा हटवाया जाए, जिससे लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
वहीं दूसरे पक्ष ने ग्रामीणों और प्रशासन पर जबरिया दीवाल तोड़ने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसडीएम सदर डॉ. ललित कुमार मिश्र ने कहा कि मामला संज्ञान में है। टीम गठित करके जांच कराई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।