ब्लाक संसाधन केंद्र पर स्कूल चलो अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए बैठक हुई। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों व शिक्षकों को संबोधित करते हुए बीईओ ब्यासदेव ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए एक अप्रैल से अभियान शुरू किया जा रहा है।
इसमें जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद अहम होगी। स्कूलों में तैनात शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करें और कोशिश होगी कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रह पाए। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।
ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि दयाराम लोधी ने कहा कि स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने के लिए वे पूरा सहयोग करेंगे और अन्य जनप्रतिनिधि भी अपने काम से समय निकल कर बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिलाने में सहयोग प्रदान करना चाहिए।
उप्र पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरुणेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त शिक्षकों की तैनाती है। पढ़ाई का स्तर भी प्राइवेट स्कूलों से कमतर नहीं है। अभिभावक अपने बच्चों को बिना किसी संदेह के परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन के लिए भेजें।
सहसमन्वयक शिवपाल सिंह, अभय श्रीवास्तव, सैमसन इब्राहिम, कृपाशंकर पांडेय, हरिशंकर सिंह, ग्राम प्रधान सरोज शुक्ला, श्रीश प्रताप यादव, अमरेश पाल यादव, तौलन यादव, प्रेमनारायन दूबे, बृजश्वेरी देवी, सुतित्रा, दीपा सिंह, मनीषा, रेनू सिंह, सौरभ मिश्र आदि मौजूद रहे।