सिद्धार्थनगर। जिले में पांच जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों शुरू हो गई हैं। बुधवार को शहर के सनई चौराहे के निकट कार्यक्रम स्थल पर विधायक श्यामधनी राही और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन तैयारियों का जायजा लिया। डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि मुख्यमंत्री का जिले में पांच व छह जुलाई को कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें उनके द्वारा कपिलवस्तु व बांसी विधानसभा क्षेत्र के पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा।
विधायक श्यामधनी राही और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा ने मंच व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, यातायात, जनसुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध व सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में आगमन होना विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके आगमन को लेकर क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है। सभी लोग उनके स्वागत की तैयारियों में पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगा और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करने का निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि रिंकू पाल, एसडीएम नौगढ़ राहुल सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी कमल किशोर आदि मौजूद रहे।
-
सड़क व भवनों का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास
जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कपिलवस्तु और बांसी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, सरकारी भवनों और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके तहत दोनों विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत हो चुकी सड़कों का शिलान्यास और निर्मित हो चुकी सड़कों और भवनों का लोकार्पण करेंगे। इनकी संपूर्ण लागत पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक है।