बांसी कोतवाली क्षेत्र के फजीहतवा नाले के पास से 13 जून को मिली अज्ञात युवती की अधजली लाश गोल्हौरा थाना क्षेत्र के रमीटकरा गांव निवासी नंदिनी की थी। उसकी मां शंखमति ने शव के पास से मिले कपड़े के अवशेष देखकर यह आशंका जताई है। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए पुलिस डीएनए जांच का सहारा ले रही है। बुधवार को महिला के शव के नमूने लेकर डीएनए जांच को भेजे गए। मृतका के नाखून के टुकड़ों से महिला के डीएनए का मिलान कराया जाएगा।
शव की शिनाख्त करने वाली महिला शंखमति ने बताया कि उसकी बेटी नंदिनी चर्म रोग से पीड़ित थी। इलाज के लिए अक्सर जिला अस्पताल आती रहती थी। 11 जून को भी वह सुबह 6 बजे घर से अस्पताल के लिए निकली, उसके बाद नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद कोई सुराग न मिलने पर उसने गोल्हौरा थाने में बेटी के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच बांसी बाजार के एक परिचित दर्जी ने जून को किसी युवती के अधजले शव मिलने की जानकारी दी। इसके बाद वह थाने पहुंची तो पुलिस ने शव के पास से मिले वैसे ही कपड़े दिखाए जैसे नंदिनी पहनकर घर से निकली थी। महिला के संदेह के आधार पर पुलिस ने शव के शिनाख्त के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू करा दी है। बुधवार को महिला को जिला अस्पताल लाया गया। यहां उसके ब्लड का नमूना लेकर जांच को भेजा गया। बांसी सीओ डीएन त्रिपाठी ने बताया कि महिला के संदेह के आधार पर डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। मृतका के नाखून से डीएनए का मिलान होगा। रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि शव वाकई नंदिनी का ही था या किसी अन्य का। फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है।