सिद्धार्थनगर। वर्तमान में जिले की कई बदहाल सड़कों के चौड़ीकरण, नवीनीकरण के साथ मरम्मत कराने की स्वीकृति शासन से मिली है।
जिले की 125 से अधिक प्रमुख और ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर कार्य कराने के लिए 90 करोड़ रुपये शासन से जारी हुए हैं। इससे जिले के सभी पांच तहसीलों में आवागमन की स्थिति में सुधार होगा और लोगों को सड़क के गड्ढों के बीच हिचकोले खाने से मुक्ति मिलेगी।
शासन से मिली स्वीकृति में शोहरतगढ़ क्षेत्र में लोक निर्माण खंड एक की 49 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये की लागत का 79.990 किलोमीटर लगी 55 परियोजनाओं के निर्माण कार्य की स्वीकृति शासन स्तर से मिल गई है।
इसमें सामान्य मरम्मत के साथ नवीनीकरण में 51 मार्ग (71.260 किमी लंबाई) कुल लागत 13 करोड़ 41 लाख 93 हजार, विशेष मरम्मत कार्य के तहत तीन मार्ग (1.030 किमी) कुल लागत 10 करोड़ 4 लाख 36 हजार और नए निर्माण के लिए 35 करोड़ 25 लाख 55 हजार रुपये से 1.700 किमी लंबा मार्ग शामिल है।
इसी तरह पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड की 12 करोड़ 54 लाख से 38.5 किलोमीटर सड़क की मरम्मत और निर्माण की कुल 21 सड़कों की स्वीकृति शासन से मिली है।
इसमें विशेष मरम्मत योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ 59 लाख से 8.20 किमी लंबाई के चार मार्ग, सामान्य मरम्मत कार्ययोजना के तहत लगभग 6 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत के 26.31 किमी लंबाई के 12 मार्ग व पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना अंतर्गत लगभग 3 करोड़ 76 लाख रुपये से 3.99 किमी लंबाई के पांच मार्ग शामिल हैं।