धार्मिक स्थल पर कब्जे को लेकर तनाव
तहसीलदार की सूझबूझ से बड़ा मामला टला
इटवा तहसील क्षेत्र के पिपरा छतंग गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। थाना क्षेत्र के पिपरा छंगत गांव में देवीस्थान पर कब्जे को लेकर बुधवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामला बिगड़ता देख मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने किसी तरह से लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
क्षेत्र के पिपरा छंगत गांव के पास किनारे स्थित काली जी के स्थान पर गांव के ही एक दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने कब्जा कर लिया था। कब्जे को लेकर मामला तनावपूर्ण हो गया था। दोनों पक्षों में टकराव की स्थिति बनने वाली थी। इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी इटवा तहसीलदार राजेश अग्रवाल को दी। जानकारी मिलते ही तहसीलदार इटवा पुलिस की उपस्थिति में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर बड़े मामले का पटाक्षेप करा दिया। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी इस स्थान पर रखी गई काली जी की मूर्तियों को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसकी जानकारी होने पर रात में ही तहसील प्रशासन ने दूसरी मूर्तियों को रखवाकर बढ़ रहे तनावपूर्ण माहौल को शांत कराया था।
तहसीलदार इटवा राजेश कुमार अग्रवाल का कहना है कि काली जी के स्थान व जाने-वाले रास्ते पर गांव के ही एक समुदाय के शख्स ने कब्जा कर लिया था। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर कब्जे को हटवा दिया गया है। गुरुवार को यहां पैमाइश कराकर स्थान की निशानदेही करा दी जाएगी। कहा कि कब्जा करने वाले व्यक्ति पर एंटी भू-माफिया की कार्रवाई के लिए एसडीएम इटवा को रिपोर्ट दी जाएगी।