फिरोजपुर में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बर्डपुर। कपिलवस्तु कोतवाली अंतर्गत अलीगढ़वा-बर्डपुर मार्ग पर मंगलवार को चैनपुर के पास तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को पकड़ लिया। उसके पास लाइसेंस भी नहीं था। जमकर पिटाई के बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंप दिया।
मंगलवार को सुबह साढ़े नौ बजे अलीगढ़वा से सवारी भरकर टेंपो बर्डपुर की ओर जा रहा था। चैनपुर चौराहे के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया। बेकाबू टेंपो सड़क किनारे पलट गई। हादसे में टेंपो सवार नेपाल के नरखोरिया निवासी अंबरीश गुप्ता (40), उसका पुत्र सुमेर (8), नेपाल के ही बलुहवा निवासी रुखसाना खातून (17), उसका आठ वर्षीय पुत्र, छपिया निवासी महरुन्निशा (55), क्षेत्र के सजनी हरैया निवासी अरशद (27), अलीगढ़वा निवासी सूरदास (60), बलुहवा निवासी सजमा खातून (40) व सजमा की चार वर्षीय पुत्री जख्मी हो गए।
इसमें अरशद की हालत गंभीर है। घटना के बाद ग्रामीणों ने 108 नंबर पर सूचना दी, लेकिन एक घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंचा। बाद में ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव ने अपने वाहन से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद भाग रहे चालक मुनीर अली को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
पूछताछ की तो उसके पास वाहन चलाने का लाइसेंस नहीं था। पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई की। बाद में पहुंची कोतवाली पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी एसके सरोज ने बताया कि वाहन समेत चालक को हिरासत में ले लिया गया है। छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।