शहर के स्टेशन मार्ग पर चिलचिलाती धूप में दुपट्टे से सिर को ढक कर जाती युतियां।
सिद्धार्थनगर। तीन दिनों से रुक-रुक हो रही बारिश के बाद सोमवार को तीन डिग्री अधिकतम तापमान बढ़ने से लोगाें को गर्मी का सामना करना पड़ा।
झुलसाने वाली धूप से लोगों को जहां शरीर जलने का एहसास हुआ, वहीं बार-बार गला सूखने से डिहाइड्रेशन का भी एहसास हो रहा था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और भी बढ़ जाएगी। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपन भी बढ़ने लगी। इससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का एहसास हुआ।
तेज धूप होने से लोग छाता, गमछा लेकर घर से निकले। वहीं पूरे दिन लोग छांव की तलाश में रहे। गर्मी इतनी बढ़ गई कि लोगों को डिहाइड्रेशन का एहसास होता रहा। तेज धूप से लोगों का बार-बार गला सूखता रहा। इससे मेडिकल कॉलेज में भी मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ।
मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. गौरव दुबे ने बताया कि गर्मी में हीट स्ट्रोक होने का खतरा रहता है। इससे बचने के लिए तेज धूप में बाहर जरूरी होने पर ही निकले और धूप से बचाव के लिए सावधानी बरतें। संवाद