फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: तापमान का कर्फ्यू, सड़क पर सन्नाटा, निकले चेहरा ढककर

Mon, 22 Apr 2024 01:19 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पारा 43 के पार, तोड़ा पिछले चार साल को रिकार्ड
विज्ञापन


आसमान से बरस रही आग, पछुआ हवा दे रही रंग
गुलजार रहने वाली बाजार में सन्नाटा, पांच बजे के बाद निकल रहे लोग

बोले चिकित्सक-धूप में निकलें कम, हर घंटें पीते रहें पानी

संवाद न्यूज एजेंसी

सिद्धार्थनगर। आसमान से शोले बरस रहे हैं, हवाएं आग की तरह से शरीर को झुलसा रही हैं। तापमान में लगातार वृद्धि जारी है। रविवार को 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो चार वर्ष में अप्रैल माह में सर्वाधिक रहा। तापमान ने कर्फ्यू जैसा माहौल बना दिया है। जो सड़कें (जैसे उसका रोड, स्टेशन रोड, बर्डपुर मार्ग, नौगढ़- गोरखपुर मार्ग) वाहनों की आवाजाही और भीड़ से घिरी रहती थीं, वहां सन्नाटा था। बाजार रौनक विहीन थीं। हर तरफ सन्नाटा नजर आया। एका दुक्का निकलने वालों में वही लोग थे, जिनके घरों में मांगलिक कार्यक्रम था या फिर कोई विशेष कार्य था। हर व्यक्ति हवा से बचने के लिए चेहर ढककर ही निकलते हुए दिखा। महिला हो या फिर पुरुष हर कोई चेहरा ढका हुआ नजर आया।
मौसम की मार का हाल यह है कि लोग तेजी से बीमार हो रहे हैं। उल्टी दस्त के साथ ही शरीर में पानी की तेजी से कमी हो रही है। जिससे शरीर का संतुलन और बिगड़ जा रहा है। चिकित्सक हर घंटे और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बीमार होते ही तत्काल इलाज कराने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि लू चल रहा है जो हर किसी उम्र के लिए घातक साबित हो सकता है। इसलिए धूप से बचाव बहुत ही जरूरी है, अगर काम न हो तो कतई बाहर न निकलें।
विज्ञापन




बढ़े उल्टी दस्त के मरीज

लू का प्रकोप बढ़ा है, इसका इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे के भीतर 12-13 मरीज उल्टी दस्त के पहुंच रहे हैं। इन बीमारों में युवा और उससे अधिक उम्र वाले लोग हैं। इनकी हिस्ट्री में यह पता चल रहा है कि कोई पूरे दिन वाहन से चला है तो कोई धूप में लंबी यात्रा किया है। वहीं, कुछ लोग ऐसे जो किन्हीं कारण से घंटों इस मौसम में बाहर रहने को विवश है और एकाएक उल्टी दस्त शुरू हुआ जो बंद होने का नाम ही नहीं ले रहा था। अंत में अस्पताल में भर्ती करने की नौबत आ गई।



इन वस्तुओं की बढ़ी डिमांड

लू का प्रकोप बढ़ने के बाद उससे बचने के लिए लोग पेय पदार्थ का सेवन अधिक कर रहे हैं। जिससे उनके शरीर में पानी की कमी न होने पाए। बाजार में बेल का सरबत, गन्ने का जूस, लस्सी इसके साथ ही खीरा और ककड़ी, तरबूज भी लोग खा रहे हैं। पिछले कई दिनों से इसकी डिमांड बढ़ गई है। नगर के आजाद नगर में गन्ना और फल का जूस बनाने वाले दुकानदार राकेश ने बताया कि पिछले कई दिनों से गन्ने के जूस की मांग बढ़ी है। यहां पीने के साथ ही लोग घर के लिए भी जूस लेकर जा रहे हैं। इसी प्रकार बेल और नारियल पानी के दुकानदारों की बिक्री बढ़ी है, जैसी की उन्होंने जानकारी है।



मौसम की मार के लिए रहें तैयार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी अगले कई दिनों तक तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। हवा की रफ्तार भी तेज रहेगी। फिलहाल अगले कई दिन राहत मिलने के आसार कम हैं।
विज्ञापन


-डॉ. अतुल कुमार सिंह, मौसम वैज्ञानिक, लखनऊ



एक नजर पांच साल के आंकड़ों पर

मौसम विभाग से जुड़ी रिपोर्ट के मुताबिक २१ अप्रैल को तापमान

वर्ष तापमान

२०२० ३५ डिग्री

२०२१ ४१.०१
२०२२ ३९.०७
२०२३ ४१.०७
२०२४ रविवार ४३.०२
-

एक सप्ताह में का तापमान

दिन पारा

शनिवार ४२ डिग्री

शुक्रवार ४० डिग्री

बृहस्पतिवार ४१ डिग्री

बुधवार ४० डिग्री

मंगलवार ४० डिग्री

सोमवार ४० डिग्री

-

लू का प्रकोप चल रहा है, इसलिए इससे बचाव करें। विशेष रूप से दोपहर में बाहर न निकलें। हल्के रंग के हल्के और ढीले और पूरे सूती कपड़े पहनें, धूप मेें निकलते समय टोपी और फिर कपड़े से सिर ढकने के लिए छतरी लेकर निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने पाए, इसके लिए प्रर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें। उल्टी-दस्त शुरू होते हुए ओआरएस का घोल बनाकर पीएं। लू हर किसी को लग सकता है बच्चा या फिर वृद्ध से मतलब नहीं है। दिक्कत होते ही तत्काल चिकित्सक को दिखाएं और दवा लें। इससे लू से बच सकते हैं।

-डॉ. सुबोध चंद्रा, एमडी मेडिसिन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें