टेलीमेडिसिन के जरिए मानसिक रोगियों को मिलेगी राहत
लॉकडाउन के दौरान मानसिक तनाव से निपटने के लिए की पहल
बस्ती मंडल के जिलों में डॉ. रश्मि सोनी के मोबाइल पर मिलेगी सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। लॉकडाउन के दौरान तनाव, अवसाद, अनिद्रा आदि मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को टेलीमेडिसिन के जरिए घर बैठे परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर देश में लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। लगभग डेढ़ माह तक घर के भीतर अस्थायी स्क्रीनिंग कैंप, आश्रय स्थल मेें रहने वालों को उबन, तनाव, क्षोभ, भ्रम, अवसाद आदि मानसिक समस्याएं स्थायी या अस्थायी रूप से घेर सकती हैं। ऐसे लोगों के लिए टेलीमेडिसिन सुविधा शुरू की गई है। इसके लिए बस्ती मंडल के तीनों जिलों के लिए नियुक्त काउंसलर से उनके मोबाइल पर सलाह ली जा सकती है।
अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। पत्र के अनुसार कोरोना संक्रमण से रोकथाम के लिए घोषित लॉकडाउन में होम क्वारंटीन के साथ ही अस्थायी क्वारंटीन सेंटरों में रह रहे लोगों के समक्ष मानसिक तनाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे मेें यूनीसेफ और एनएचएम की तरफ से तैयार काउंसलरों को जनपदवार नियुक्त करते हुए टेलीकॉम मेडिसिन से जरूरतमंदों को सलाह, उपचार देने की पहल की गई है। काउंसलर की ओर से उन्हें 14 दिन क्वारंटीन होने के साथ ही दिक्कत होने पर सही उपचार भी बताया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि बस्ती मंडल के सिद्धार्थनगर, बस्ती और संतकबीरनगर के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय में तैनात मनोविज्ञान विभाग की डॉ. रश्मि सोनी को जिम्मेदारी सौंपी हैं। इनके मोबाइल नंबर पर 9415063105 पर तीनों जिलों के लोग सलाह ले सकते हैं। डॉ. रश्मि ने बताया कि मानसिक तनाव की स्थिति में गलत कदम न उठाएं, बल्कि जिसे अपने सबसे करीब समझते हैं उससे बात करते रहें। इससे घर में कैद रहने का बोझ हल्का हो जाएगा।
हेल्पलाइन पर भी करें संपर्क
सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001805145 भी जारी किया है। इसके अलावा किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ के मानसिक रोग विभाग ने भी इस लोगों के लिए हेल्पलाइन 8887019140 शुरू की है। जिस पर काउंसिलिंग कर उपाय बताए जा रहे हैं।