सदर कोतवाली क्षेत्र के रमजान नगर में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी नौगढ़ के रमजान नगर मोहल्ले के रहने वाले किशोर की घर से दूर बांध के पास पेड़ की डाल से फंदे के सहारे लटका हुआ शव मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है।
क्षेत्र के रमजान नगर निवासी कमलेश (16) पुत्र हीरालाल देर शाम घर से निकला था। कुछ घंटे बाद पड़ोस में रहने वाले अन्य किशोर कमलेश के घर आए और बताने लगे कि वह बांध के पास पेड़ की डाल से फंदे के सहारे लटक रहा है। यह सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव लेकर जिला अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसे ऐसा कदम क्यों उठाया, इससे परिवार के लोग भी हैरान परेशान हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में शहर कोतवाल गौरव कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुरानी नौगढ़ चौकी प्रभारी अनूप मिश्र मौके पर गए थे। संवाद