कोतवाली सिद्धार्थनगर क्षेत्र के नौगढ़-सोहांस मार्ग पर स्थित जगदीशपुर ग्रांट के पास हुआ हादसा
महदेवा बाजार। कोतवाली सिद्धार्थनगर क्षेत्र के नौगढ़-सोहांस मार्ग पर स्थित जगदीशपुर ग्रांट के पास बृहस्पतिवार को एक ई-रिक्शा पलट गया। इसकी चपेट में आने से पेड़ की छांव में बैठे आठ वर्षीय विशाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी दादी फूला गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने मेडिकल पहुंचाया, जहां फूला का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर ग्रांट के रहने वाले राजेंद्र का बेटा विशाल (8) पुत्र अपनी दादी फूला पत्नी मुनिराज के साथ दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गर्मी से बचने के लिए सड़क किनारे पटरी पर पेड़ की छांव में बैठा था। इसी दौरान सोहांस से नौगढ़ की ओर जा रहा तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और विशाल उसके नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चपेट में आने से दादी फूला भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय पुलिस ने इलाज के लिए माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर भिजवाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि विशाल चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता राजेंद्र ने बताया कि वह एक सप्ताह पहले काम के सिलसिले में मुंबई गए थे। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है, मां बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।