प्रधानाध्यापक पर अश्लील हरकत का आरोप
आजिज शिक्षिका ने बीएसए को दिया शिकायत पत्र, कार्रवाई की मांग
बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी। मिठवल बीआरसी क्षेत्र के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय पर तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक के द्वारा लगातार की जा रही अश्लील हरकत व दबंगई से आजिज शिक्षिका ने बीएसए से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले 13 सितंबर को मामला गंभीर होने पर 100 नंबर पर सूचित करते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित शिक्षिका ने मंगलवार को बीएसए को दिए शिकायती पत्र के माध्यम से कहा कि इंचार्ज प्रधानाध्यापक के द्वारा अभद्र व अश्लील व्यवहार से हम लोगों का मानसिक प्रताड़ना हो रही है। बताते चलें कि बीते 13 सितंबर शुक्रवार को उक्त आरोपी प्रधानाध्यापक द्वारा अश्लील हरकत किए जाने पर शिक्षकों ने मिलकर उसकी पिटाई की थी। मामला कोतवाली पुलिस तक पहुंचा जहां मान-मनौवल के बाद मामले को शांत कर दिया गया था। मगर शिकायतकर्ता शिक्षकों की माने तो उसके व्यवहार में कोई परिवर्तन न होने के कारण विद्यालय पर उसकी हरकत पूर्ववत बनी रही। यहां तक कि हम लोगों के द्वारा शिकायत करने पर बर्खास्त करवाने व जानमाल की धमकी भी उसके द्वारा दिया जाता है।
शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि हम सब गैर जनपद से हैं। इस नाते इसका फायदा उठाकर इंचार्ज प्रधानाध्यापक परेशान करता रहता है और कहता रहता है कि हम तुम्हें अनुपस्थित कर सकते हैं। जबकि हम सभी शिक्षिकाएं नियमित रूप से विद्यालय आती जाती हैं जिसके बलबूते उच्च अधिकारियों से कई बार जांच की बात भी कर चुकी हूं। केवल स्थानीय होने के नाते प्रधानाध्यापक तरह-तरह की हरकतों से परेशान कर रहा है। शिकायती पत्र में पीड़िता ने विभाग व पुलिस को सूचित किया है कि यदि उसके साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है या अप्रिय घटना घटती है तो उसका जिम्मेदार इंचार्ज प्रधानाध्यापक ही होगा। शिक्षिका ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की है।