सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र नौगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय, ससना का संचालन इन दिनों बिना अध्यापक के किया जा रहा है। यह स्थिति हाल ही में हुए अंतरजनपदीय तबादलों की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद हुई। यहां तैनात शिक्षक का तबादला अन्य जिले में हो गया, लेकिन अभी तक यहां किसी की तैनाती नहीं हो पाई। जिसके चलते यहां नामांकित बच्चों का भविष्य भगवान भरोसे संवारा जा रहा है।
बुधवार को स्कूल पर ताला लगा मिला, बाहर खड़ी रसोईया तारा ने बताया कि पंद्रह-बीस छात्र आए थे लेकिन गेट पर ताला लगा देख वापस चले गए। विभागीय अधिकारी बिना व्यवस्था के ही यहां तैनात शिक्षक को भेज दिया। इस संबंध में बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिले से 601 शिक्षकों का दूसरे जिलों में तबादला हो गया है। कुछ शिक्षक आए हैं, जिन्हें स्कूलों का आवंटन ऑनलाइन किया जाएगा। शीघ्र ही विद्यालय पर शिक्षक की तैनाती कर उसका संचालन पूर्व की भांति सुनिश्चित किया जाएगा।