तीन लाख की आबादी में सौ टीमें खोजेंगी मरीज
सक्रिय क्षय रोगी खोज का विशेष अभियान
बीमारी से बचने के लिए प्रेरित किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। स्वास्थ्य विभाग आठ ब्लॉकों की दस फीसदी आबादी में टीबी रोगी खोजी अभियान शुरू कराने जा रहा है। इसके तहत चयनित ब्लॉकों की तीन लाख की आबादी में 100 टीमें घर-घर जाकर मरीजों की तलाश करेंगी। संभावित मरीजों की खोज करने वाली टीम को प्रशिक्षित किया जा चुका है। यह जानकारी प्रभारी जिला क्षय रोग डॉ. डीके चौधरी ने दी।
प्रभारी डीटीओ डॉ. डीके चौधरी ने सोमवार को जिला टीबी क्लीनिक पर पत्रकारों से बताया कि अभियान उसका बाजार, जोगिया, बसंतपुर, खुनियांव, भनवापुर, मिठवल, नौगढ़ और बढ़नी ब्लॉक में चलेगा। 100 टीमें घर-घर जाकर मरीजों की तलाश करेंगी। हर टीम में आशा, आंगनबाड़ी, एनजीओ या सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक-एक सदस्यों को रखा गया है। अभियान के दौरान आठ ब्लॉकों की 2.96 लाख की आबादी में मरीजों की तलाश होगी। जिला कार्यक्रम समन्वयक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 11 नवंबर तक के बीच दस दिनों तक चलने वाले अभियान से संबंधित सभी सामग्री ब्लॉकों को भेज दी गई है। जिला पीपीएम समन्वयक सतीश मिश्रा ने बताया कि टीबी रोग के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए चयनित ब्लॉकों में वॉल पेंटिंग कराई जाएगी। गांवों में टीबी से बचाव, टीबी के लक्षण आदि को वॉल पेंटिंग के जरिए बताकर बीमारी से बचने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।